
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। नगर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में पिछले तीन दिनों से बिजली व्यवस्था में खराबी के कारण जांच मशीनें बंद पड़ी हैं। इससे मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और मजबूरी में निजी जांच केंद्रों पर जाना पड़ रहा है। इससे उन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ रहा है।जानकारी के अनुसार, शॉर्ट सर्किट और एमसीबी में खराबी के चलते जांच विभाग की मशीनें काम नहीं कर रही हैं। कर्मचारियों ने कई बार सीएचसी अधीक्षक डॉ. सौरभ सिंह को समस्या की जानकारी दी, लेकिन बिजली व्यवस्था दुरुस्त नहीं हो सकी। इस मामले में अधीक्षक से बात नहीं हो पाई।बिजली संकट के कारण अस्पताल परिसर में आधे घंटे से अधिक समय तक अंधेरा भी रहा। उस दौरान केवल कार्यालय में रोशनी थी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. अंशुमान सिंह ने मामले का संज्ञान लेते हुए अधीक्षक को जल्द से जल्द बिजली व्यवस्था ठीक कराने के निर्देश दिए हैं।