
पारदर्शी विकास न्यूज़ अजीतमल,औरैया। थाना अजीतमल पुलिस ने क्षेत्र में हुई तीन चोरी की घटनाओं का सफल अनावरण करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए जेवरात बेचकर प्राप्त दो लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में तीन अलग-अलग चोरी की घटनाओं को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। दोनों के खिलाफ विभिन्न जिलों में चोरी, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट सहित कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार ग्राम पृथ्वीपुर निवासी कामनी देवी ने 18 अप्रैल 2026 को थाना अजीतमल में तहरीर देकर बताया था कि अज्ञात चोर रात में उनके घर में घुस आए और अलमारी का ताला तोड़कर 25 हजार रुपये नकद, सोने की दो अंगूठियां, पायल, कानों के टॉप्स तथा मंगलसूत्र चोरी कर ले गए। इस मामले में थाना अजीतमल में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक आलोक मिश्रा व क्षेत्राधिकारी अजीतमल मनोज गंगवार के पर्यवेक्षण में गठित पुलिस टीम घटना के खुलासे में जुटी थी। इसी क्रम में गुरुवार को थाना अजीतमल पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर नगला भोज गांव मोड़ के पास से दो संदिग्ध युवकों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से चोरी के माल को बेचकर प्राप्त दो लाख रुपये नकद बरामद हुए। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दिबियापुर थाना क्षेत्र के नंदपुर निवासी सज्जन सिंह राजपूत (26) तथा निमझना निवासी बृजेश कुमार अहिरवार (25) के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे सूने घरों की रेकी कर योजनाबद्ध तरीके से चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। आरोपियों ने गढ़ा आजाद नगर के दो सूने मकानों तथा पृथ्वीपुर गांव में हुई चोरी की वारदातों में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उन्होंने बताया कि चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवरात बेच दिए थे और प्राप्त रकम का बंटवारा करने के लिए ही मिलने आए थे, तभी पुलिस ने उन्हें दबोच लिया।