news-details

तालाब की जमीन पर अतिक्रमण, डीएम ने दिए जांच के निर्देश

You can share this post!


पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। नगर से सटी ग्राम पंचायत खेरौना में तालाब की जमीन पर कथित अवैध अतिक्रमण का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी संजय चौहान को शिकायत पत्र देकर तालाब की जमीन को कब्जामुक्त कराने की मांग की है। ग्रामीणों का आरोप है कि अतिक्रमण के कारण हरदेव नगर मोहल्ले के रास्तों पर जलभराव की समस्या बनी रहती है।शिकायत के अनुसार, राजस्व ग्राम खेरौना की गाटा संख्या 497/1 और 497/2 तालाब की जमीन है। ग्रामीणों ने प्रदीप सोनी उर्फ बनारसी, हीरा सोनी, राम प्रताप जायसवाल, राम मिलन तिवारी सहित कुछ अन्य लोगों पर जमीन पर कब्जा करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि बारिश के दौरान पानी की निकासी बाधित होने से लोगों को आवागमन में परेशानी होती है।ग्रामीणों ने बताया कि मामले की शिकायत पहले भी अधिकारियों से की जा चुकी है। साथ ही इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ खंडपीठ में WPIL 252/2026 दाखिल किए जाने का भी उल्लेख किया गया है। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को जांच कर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जांच में अतिक्रमण की पुष्टि होने पर तालाब की जमीन को कब्जामुक्त कराया जाएगा।