
पारदर्शी विकास न्यूज़ जगदीशपुर। कोतवाली क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 28 वर्षीय युवक की मौत हो गई। निहालपुर पेट्रोल पंप के पास तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे खराब खड़े ट्रक में जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार शरद कुमार श्रीवास्तव की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी।जानकारी के मुताबिक, शरद कुमार श्रीवास्तव रानीगंज कस्बे से अपने घर मऊ अतवारा जा रहे थे। इसी दौरान निहालपुर पेट्रोल पंप के पास उनकी बाइक सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। परिजनों ने ट्रक चालक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।शरद लखनऊ की एक निजी प्लाई कंपनी में मैनेजर के पद पर कार्यरत थे। सावन माह में रुद्राभिषेक की तैयारियों के लिए वह घर आए थे। उनकी शादी आगामी 30 नवंबर को रायबरेली में तय थी। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में शादी की खुशियां मातम में बदल गईं।मृतक के पिता राजेश कुमार श्रीवास्तव सहित परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक का माहौल है। थाना प्रभारी निरीक्षक धीरेन्द्र यादव ने बताया कि तहरीर मिलने पर नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।