
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। महाराजपुर थाना क्षेत्र स्थित पुरवामीर के श्रीमती रामकली इकबाल बहादुर ऑनलाइन सेंटर पर सोमवार को SSC GD परीक्षा के दौरान भारी अव्यवस्था फैल गई। क्षमता से तीन गुना अधिक अभ्यर्थियों को बुलाए जाने के कारण हंगामा हो गया और परीक्षा रद्द करनी पड़ी। जानकारी के मुताबिक सेंटर पर 398 सीटों की क्षमता थी, लेकिन करीब 900 अभ्यर्थियों को परीक्षा के लिए बुला लिया गया। पहली पाली से ही अव्यवस्था शुरू हो गई थी। दूसरी पाली तक स्थिति बिगड़ गई और नाराज अभ्यर्थी सड़क पर उतर आए। कई छात्रों ने सेंटर में तोड़फोड़ भी की।अभ्यर्थियों ने आरोप लगाया कि सेंटर प्रबंधन की लापरवाही से कुछ छात्रों का लॉगिन पहले ही हो गया था। बैग जमा कराने के नाम पर लिए गए पैसे भी वापस नहीं किए गए। परीक्षा रद्द होने की सूचना समय पर न देने से दूर-दराज जिलों से आए छात्रों में भारी नाराजगी दिखी।बांदा से आए परीक्षार्थी शिवम ने बताया कि परीक्षा देने आने में उनके करीब एक हजार रुपये खर्च हो गए, जबकि एटा से आए राहुल ने कहा कि उनके दो हजार रुपये तक खर्च हुए। छात्रों ने दोबारा परीक्षा की तारीख जल्द घोषित करने और यात्रा खर्च लौटाने की मांग की।सूचना मिलते ही सत्यजीत गुप्ता और एसडीएम नरवल विवेक कुमार मिश्रा मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने छात्रों को समझाकर शांत कराया।सेंटर प्रभारी मुफीद और सिटी हेड शुभम दीक्षित ने बताया कि सर्वर की तकनीकी गड़बड़ी के चलते SSC की ओर से तय क्षमता से अधिक सीटें आवंटित हो गईं, जिससे अव्यवस्था फैल गई। फिलहाल परीक्षा निरस्त कर दी गई है। अब SSC पोर्टल पर नई तारीख जारी होने के बाद दोबारा परीक्षा कराई जाएगी।