
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। शरद पूर्णिमा के अवसर पर सुफल मानव प्रयास फाउंडेशन के सदस्यों ने भैरव घाट पर गंगा स्वच्छता अभियान चलाया। इस दौरान घाट पर फैली पॉलिथीन, पूजन सामग्री और क्षतिग्रस्त मूर्तियों को एकत्र कर निर्धारित स्थल पर पहुंचाया गया। साथ ही, गंगा में प्रवाहित किए गए कपड़ों को निकालकर डस्टबिन में डाला गया।अभियान के दौरान संस्था के सदस्यों ने श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को गंगा स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। उन्होंने अपील की कि लोग गंगा में स्नान और पूजन के दौरान स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें तथा पॉलिथीन, पूजन सामग्री, कपड़े और अन्य कचरा नदी में न डालें। कचरे को निर्धारित स्थान पर डालने और नमामि गंगे परियोजना के तहत लगाए गए कूड़ेदानों का उपयोग करने के लिए भी प्रेरित किया गया।संस्था के सदस्यों ने कहा कि गंगा को स्वच्छ रखना केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। गंगा हमारी आस्था, संस्कृति और जीवन का आधार है। इसे निर्मल बनाए रखने के लिए जनसहभागिता और सामूहिक प्रयास जरूरी हैं।अभियान में संस्था के अध्यक्ष रामचंद्र बाजपेयी, उत्कर्ष बाजपेयी, अभिषेक शुक्ला, पीयूष, प्रकर्ष बाजपेयी, अंश, आयुष और ऋषि शुक्ला उपस्थित रहे।