
पारदर्शी विकास ब्यूरो, कुशीनगर।
रामकोला कस्बे में गुरुवार को शहीद किसान दिवस के अवसर पर समाजवादी पार्टी की ओर से श्रद्धांजलि एवं राजनीतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन पूर्व मंत्री राधेश्याम सिंह ने किया। मुख्य अतिथि के रूप में बदायूं सांसद आदित्य यादव शामिल हुए। उनके पहुंचने पर सपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पार्टी के वरिष्ठ नेता राम प्यारे कुशवाहा ने की।सांसद आदित्य यादव ने रामकोला चीनी मिल के सामने स्थित शहीद किसान स्मारक पर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ पुष्प अर्पित कर शहीद किसानों को श्रद्धांजलि दी। मंच पर पहुंचने के बाद उन्होंने कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाया और आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी की तैयारियों पर जोर दिया।उन्होंने कहा कि प्रदेश में इस समय अव्यवस्था का माहौल है और जनता विभिन्न समस्याओं से परेशान है। उन्होंने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी। जनता उम्मीद की नजर से अखिलेश यादव की ओर देख रही है। भाजपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि पहले अंग्रेज लोगों को आपस में लड़ाते थे, अब भाजपा जाति के नाम पर विवाद खड़ा कर समाज को बांटने का काम कर रही है।राम मंदिर को लेकर भी सांसद ने भाजपा सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम के नाम पर सत्ता में आए लोगों की सरकार में राम मंदिर की क्या स्थिति हुई, यह जनता देख रही है। किसानों की समस्याओं का जिक्र करते हुए उन्होंने खाद की किल्लत का मुद्दा उठाया और आरोप लगाया कि सरकार किसानों की समस्याओं को लेकर गंभीर नहीं है।कार्यक्रम के दौरान पूर्ववर्ती समाजवादी सरकार में मंत्री रहे एवं आयोजक राधेश्याम सिंह ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि किसान, नौजवान और महिलाएं समेत समाज का हर वर्ग परेशान है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को जानकारी दी कि 28 अक्टूबर को जिला मुख्यालय पर विशाल धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।गौरतलब है कि 10 सितंबर 1992 को गन्ना किसानों के आंदोलन के दौरान पुलिस की गोलीबारी में तीन किसानों की मौत हुई थी। उनकी स्मृति में प्रत्येक वर्ष 10 सितंबर को शहीद किसान दिवस मनाकर श्रद्धांजलि दी जाती है। समाजवादी पार्टी की ओर से इसी क्रम में रामकोला में कार्यक्रम आयोजित किया गया।कार्यक्रम दोपहर करीब सवा दो बजे तक चला। इसके बाद सांसद आदित्य यादव ने मीडिया के सवालों के जवाब दिए और गोरखपुर एयरपोर्ट के लिए रवाना हो गए।