
पारदर्शी विकास न्यूज़, खड्डा (कुशीनगर)। पड़रही चौराहे पर सोमवार सुबह प्रेमी से शादी की जिद में एक युवती मोबाइल टावर पर चढ़ गई। सुबह पांच बजे शुरू हुआ यह हाईवोल्टेज ड्रामा करीब नौ घंटे तक चला। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की घंटों की मशक्कत के बाद दोपहर करीब दो बजे युवती को सुरक्षित नीचे उतारा जा सका।जानकारी के अनुसार, पड़रही उर्फ धनहा टोला निवासी शहनाज खातून का अहीरौली ग्राम सभा के बलचनही छपरा टोला निवासी सहजाद से प्रेम प्रसंग चल रहा था। बताया जाता है कि दोनों के बीच विवाद के बाद पुलिस ने सहजाद को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इसके बावजूद युवती उसी से शादी करने की जिद पर अड़ी थी।सोमवार सुबह करीब पांच बजे वह पड़रही चौराहे पर स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गई। उसे टावर पर देखकर मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही एसडीएम खड्डा, जटहां थाना अध्यक्ष और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। अधिकारियों ने लगातार समझाकर उसे नीचे उतारने का प्रयास किया।काफी मशक्कत के बाद दोपहर करीब दो बजे युवती सुरक्षित नीचे उतर आई। इसके बाद पुलिस उसे थाने ले गई, जहां उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी है।