
PARDARSHI VIKASH NEWS महबूबगंज शेरवा घाट स्थित श्रृंगी ऋषि आश्रम के पास गुरुवार सुबह सरयू नदी में एक विशाल मगरमच्छ देखे जाने से क्षेत्र में दहशत फैल गई। घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।जानकारी के अनुसार, भैरीपुर सभा के पास नदी की रेत पर ग्रामीणों ने मगरमच्छ को देखा, जिसके बाद लोग उसे देखने के लिए एकत्र हो गए। शोरगुल होने पर मगरमच्छ पानी में चला गया और नदी में बैठकर जबड़े खोलने लगा, जिससे वहां मौजूद लोग भयभीत हो गए।ग्रामीणों का कहना है कि नदी में कम बहाव और अधिक गहराई के कारण यह क्षेत्र मगरमच्छों का सुरक्षित ठिकाना बन गया है। कई लोगों ने बताया कि यहां कभी-कभी तीन से चार मगरमच्छ भी दिखाई देते हैं।श्रृंगी ऋषि आश्रम में प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु स्नान के लिए आते हैं, ऐसे में मगरमच्छ की मौजूदगी से लोगों की चिंता बढ़ गई है।इस घटना के दौरान सुजानपुर के राम केवल यादव, कोटेदार राम नेवल यादव, पूर्व जिला पंचायत सदस्य सुनील वर्मा, संजय सिंह, बाबा दिव्यांग संतोष यादव, राघवेंद्र प्रताप सिंह, अभय सिंह और आदित्य सहित कई स्थानीय लोग मौजूद थे। आश्रम के पुजारी बाबा महेंद्र दास गोस्वामी ने भी मगरमच्छ देखे जाने की पुष्टि की है।स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि नदी में मगरमच्छों की बढ़ती मौजूदगी को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं, ताकि श्रद्धालुओं और ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।