
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। श्याम नगर को मनोज इंटरनेशनल क्षेत्र से जोड़ने वाले रेलवे पुल की सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढों से परेशान लोगों को राहत मिली है। लंबे समय से पुल की सड़क पर गड्ढे होने के कारण राहगीरों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। कई बार जाम लगने से लोगों को घंटों फंसे रहना पड़ता था। स्थानीय लोगों की शिकायत पर पूर्व विधायक रघुनंदन सिंह भदौरिया ने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारियों को पत्र देकर सड़क की मरम्मत कराने की मांग की थी।उन्होंने अधिकारियों को समस्या से अवगत कराते हुए जल्द गड्ढे भरने की मांग की थी। पीडब्ल्यूडी के अधिकारी अखंडेश्वर ने जल्द काम कराने का आश्वासन भी दिया था, लेकिन दो रात बीतने के बाद भी मरम्मत कार्य शुरू नहीं हुआ। इस पर उन्होंने दोबारा अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराते हुए चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो जिलाधिकारी से शिकायत की जाएगी।पूर्व विधायक ने कहा कि श्याम नगर के बुद्धिजीवियों और स्थानीय लोगों ने रेलवे पुल की जर्जर सड़क की शिकायत उनसे की थी। जनहित में उन्होंने अधिकारियों को पत्र देकर सड़क की मरम्मत कराने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों और जनसेवा से जुड़े लोगों की जिम्मेदारी है कि जनता की समस्याओं को अधिकारियों तक पहुंचाएं और उनके समाधान के लिए प्रयास करें।उन्होंने बताया कि शुक्रवार को पुल से गुजरने के दौरान सड़क पर बने गड्ढे भरे हुए मिले। इससे अब लोगों को आवागमन में परेशानी नहीं हो रही है। उन्होंने पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों से सड़क की स्थिति पर ध्यान देने और भविष्य में ऐसी समस्या न होने देने की अपील की। साथ ही कहा कि जनता को आश्वासन देने के बाद समस्याओं का समय से समाधान होना जरूरी है, ताकि लोगों का प्रशासन और व्यवस्था पर भरोसा बना रहे।
