
पारदर्शी विकास न्यूज़ सुल्तानपुर। कादीपुर थाना क्षेत्र के कुम्हीडीड़िया स्थित मनराजी शिक्षण संस्थान में शिक्षक दंपति की हत्या के मामले का पुलिस ने सातवें दिन खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने राकेश कुमार यादव (36) और आशीष यादव उर्फ डब्बू (26) को गिरफ्तार कर फावड़ा, कुल्हाड़ी, 34,960 रुपये और खून लगे कपड़े बरामद किए। पुलिस के अनुसार, राकेश संस्थान में बस चलाने के साथ कंप्यूटर पढ़ाता था और उसे कार्यालय के लॉकर व चाबी की जानकारी थी। आरोप है कि उसने पट्टीदार आशीष के साथ चोरी की योजना बनाई। 28 सितंबर की रात चोरी के दौरान शिक्षक मुकेश कुमार सिंह (53) और उनकी पत्नी विनीता सिंह (47) ने उन्हें देख लिया। पहचान उजागर होने के डर से दोनों की हत्या कर दी गई। पुलिस ने मामले में आगे की कार्रवाई शुरू की है।