
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी शशांक चौधरी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक हुई। इसमें निर्वाचन से जुड़े प्रभारी एवं सहायक प्रभारी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।डीएम ने निर्वाचन आयोग के निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने, मतदान कार्मिकों का समय से प्रशिक्षण कराने तथा मतदान सामग्री, सुरक्षा और मतदेय स्थलों पर जरूरी व्यवस्थाएं पूरी करने को कहा। उन्होंने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारी निभाने के निर्देश दिए।जनपद में 23 अक्टूबर को मतदान होगा। इसके लिए नौ मतदेय स्थल बनाए गए हैं, जहां कुल 1099 मतदाता मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 854 पुरुष और 245 महिला मतदाता शामिल हैं। बैठक में सीडीओ पूजा साहू सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।