
PARDARSHI VIKASH NEWS शोहरतगढ़ से अपना दल (एस) के विधायक विनय वर्मा ने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की कार्यशैली पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने विभागीय अधिकारियों पर विकास कार्यों में लापरवाही बरतने और महत्वपूर्ण जानकारी छिपाने का आरोप लगाते हुए कड़ी नाराजगी जताई है।विधायक ने इस संबंध में मुख्य अभियंता, बस्ती मंडल को पत्र भेजकर सभी सड़क परियोजनाओं की समीक्षा कराने और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि उनके प्रयासों से विधानसभा क्षेत्र में कई सड़क परियोजनाओं के लिए करोड़ों रुपये स्वीकृत हुए, लेकिन जमीनी स्तर पर स्थिति संतोषजनक नहीं है।विनय वर्मा के अनुसार, कई निर्माण कार्य अभी तक शुरू नहीं हुए हैं, जबकि कुछ योजनाएं वर्षों से अधूरी पड़ी हैं। उन्होंने अधिशासी अभियंता कमल किशोर पर भी गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वर्ष 2022 से लगातार परियोजनाओं की प्रगति, धनराशि और टेंडर प्रक्रिया से जुड़ी जानकारी मांगी जा रही है, लेकिन विभाग द्वारा अपेक्षित विवरण उपलब्ध नहीं कराया गया।विधायक ने कहा कि पारदर्शिता के अभाव में करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद कई परियोजनाओं की वास्तविक स्थिति स्पष्ट नहीं है। कहीं भूमिपूजन के बाद काम बंद पड़ा है तो कहीं निर्माण शुरू ही नहीं हुआ।उन्होंने मुख्य अभियंता से सभी योजनाओं की विस्तृत रिपोर्ट, धनराशि का ब्यौरा, टेंडर स्थिति और जिम्मेदार अधिकारियों की सूची उपलब्ध कराने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि लापरवाही और भ्रष्टाचार पर रोक नहीं लगी तो वे इसे जनता के सामने उजागर करेंगे।विधायक ने दोहराया कि मुख्यमंत्री की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के बावजूद यदि अधिकारी विकास कार्यों में बाधा डाल रहे हैं या जानकारी छिपा रहे हैं, तो यह बेहद गंभीर मामला है।