
पारदर्शी विकास ब्यूरो देवरिया
सलमेपुर। नगर में लगातार बढ़ रहे अतिक्रमण और इसके चलते लगने वाले जाम की समस्या को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। मंगलवार को नगर पंचायत सभागार में प्रशासनिक अधिकारियों और व्यापारियों की महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में अतिक्रमण समेत नगर की विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की गई और उनके समाधान को लेकर विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में एसडीएम क्षितिज द्विवेदी, सीओ गौरव सिंह, अधिशासी अधिकारी महेंद्र पांडेय और प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार सिंह मौजूद रहे। अधिकारियों ने व्यापारियों की समस्याएं सुनीं और नगर की व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सहयोग की अपील की।
एसडीएम ने व्यापारियों को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि दुकानों का सामान सड़क तक फैलाकर अतिक्रमण किया गया तो नगर पंचायत की ओर से सख्त कार्रवाई की जाएगी। सड़क पर रखा सामान जरूरत पड़ने पर जब्त कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण के कारण यातायात बाधित होने और जाम की स्थिति पैदा होने पर संबंधित दुकानदार की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
बैठक में विनोद ठठेरा, मेराज अब्दुला, विकास रौनियार, राजेश प्रसाद, विजय गुप्ता, गोलू, राधेश्याम चौरसिया, मोहनलाल, विवेक जायसवाल, रवि प्रताप सिंह और बलविंदर मौर्या समेत नगर के अन्य व्यापारी मौजूद रहे।
अधिकारियों ने व्यापारियों से सड़क और सार्वजनिक स्थानों को अतिक्रमण मुक्त रखने की अपील की। साथ ही कहा कि नगर की यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए प्रशासन द्वारा आगे भी अभियान चलाकर अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।