news-details

सड़क सुरक्षा पर डीएम सख्त

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास ब्यूरो / कुशीनगर।

जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए जिलाधिकारी संजय चौहान ने संबंधित विभागों को सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा के नाम पर केवल कागजी कार्यवाही नहीं चलेगी, बल्कि सुधारात्मक कार्यों का धरातल पर असर भी दिखना चाहिए। दुर्घटनाओं और उनमें होने वाली मौतों में कमी का विभागवार आकलन कर ठोस कार्ययोजना तैयार की जाए। शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में शिक्षा, परिवहन, पुलिस, स्वास्थ्य, लोक निर्माण विभाग और एनएचएआई समेत अन्य विभागों के अधिकारियों ने प्रतिभाग किया। बैठक में हाटा ब्लैक स्पॉट पर सुधारात्मक कार्य पूरे होने तथा फ्लाईओवर निर्माण की प्रगति की जानकारी दी गई।जिलाधिकारी ने जिले की सभी सड़कों का विस्तृत रोड मैप तैयार करने का निर्देश दिया। इसमें दुर्घटना बाहुल्य क्षेत्रों और ब्लैक स्पॉट का चिह्नांकन कर पूर्व में कराए गए सुधार कार्यों के बाद दुर्घटनाओं एवं मौतों की संख्या में आई कमी या वृद्धि का तुलनात्मक विवरण शामिल करने को कहा।शहर को जाममुक्त बनाने के लिए अवैध पार्किंग, अतिक्रमण और अनधिकृत कट के विरुद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। दुर्घटना संभावित स्थलों पर रोड साइनेज, रंबल स्ट्रिप और अन्य सुरक्षा उपाय भी प्रभावी ढंग से लागू कराने को कहा गया।घायलों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य, पुलिस और परिवहन विभाग संयुक्त रोड मैप तैयार करेंगे। इसमें एंबुलेंस की तैनाती, निकटतम अस्पतालों की मैपिंग तथा दुर्घटनाग्रस्त वाहनों में फंसे लोगों को निकालने के लिए कटर मशीन, जरूरी उपकरण और प्रशिक्षित कर्मियों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी।शिक्षा विभाग को सभी विद्यालयों में विद्यालय यान सुरक्षा समिति की बैठक कराने और स्कूल वाहनों की फिटनेस जांच सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। अनफिट वाहनों का संचालन प्रतिबंधित करने तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई पर भी जोर दिया गया।जिलाधिकारी ने समिति के सचिव को 15 दिनों के भीतर अगली बैठक आयोजित करने का निर्देश देते हुए कहा कि सभी विभाग समयसीमा में कार्ययोजना तैयार कर उसका प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाकर आमजन का जीवन सुरक्षित किया जा सके।