
पारदर्शी विकास न्यूज़ हमीरपुर। जिले की हमीरपुर और राठ विधानसभा क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से लोक निर्माण विभाग ने विस्तृत सुरक्षा कार्ययोजना तैयार कर शासन को भेजी है। जिलाधिकारी के निर्देश पर यह पहल बढ़ते सड़क हादसों को रोकने और आमजन की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए की गई है। जिले के सभी राज्य मार्गों, प्रमुख जिला मार्गों, अन्य जिला मार्गों और ग्रामीण सड़कों का तकनीकी सर्वे कर दुर्घटना संभावित क्षेत्रों को चिन्हित किया गया है।लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर तकनीकी टीम ने संवेदनशील एवं दुर्घटना संभावित स्थलों का स्थलीय निरीक्षण कर विस्तृत रिपोर्ट तैयार की है। इन स्थानों पर आधुनिक सड़क सुरक्षा मानकों के अनुसार सुधार कार्य प्रस्तावित किए गए हैं।तैयार की गई कार्ययोजना में यातायात सुरक्षा संकेतक, स्पीड कंट्रोल उपाय, ब्लैक स्पॉट सुधार और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं शामिल हैं। इस योजना को वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति के लिए शासन को भेज दिया गया है।अधिकारियों का कहना है कि योजना लागू होने के बाद जिले में सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी और यातायात व्यवस्था अधिक सुरक्षित एवं सुचारू होगी।