
PARDARSHI VIKASH NEWS औरैया शहर के सदर बाजार में गुरुवार सुबह एक बड़ा पेड़ अचानक सड़क और बिजली लाइनों पर गिर गया, जिससे पूरे क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। घटना के बाद बाजार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और भीषण गर्मी के बीच दुकानदारों व स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।व्यापारियों ने तत्काल वन विभाग, बिजली विभाग और नगर पालिका प्रशासन को सूचना दी, लेकिन काफी देर तक कोई अधिकारी या कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा। इससे नाराज व्यापारियों ने प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए विरोध जताया।व्यापारी नेता राजेश बाजपेई 'बबलू' ने बताया कि सुबह ही संबंधित विभागों को सूचना दे दी गई थी, लेकिन लंबे समय तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। वहीं व्यापारी नेता गोपाल जी दुबे ने कहा कि बिजली आपूर्ति बाधित रहने से व्यापार प्रभावित हुआ है और लोगों को पेयजल संकट का भी सामना करना पड़ रहा है।सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और व्यापारियों को शांत कराने का प्रयास किया। व्यापारियों ने जल्द से जल्द पेड़ हटाकर बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की। इस दौरान स्वतंत्र अग्रवाल, रामकुमार बिश्नोई, सतीश वर्मा, अमर बिश्नोई, संजीव वर्मा, बीनू वर्मा, मयंक शुक्ला, रामकुमार गुप्ता, मुन्ना गहोई, निखिल अग्रवाल, लालू वर्मा और नरेश गुप्ता सहित बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।