
PARDARSHI VIKASH NEWS कानपुर के सतबरी रोड क्षेत्र में शनिवार देर रात करीब साढ़े दस बजे एक दुमंजिला मकान में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग मकान की पहली मंजिल पर स्थित ‘बरसाना टेक्सटाइल शर्ट गोडाउन’ में लगी, जिसने देखते ही देखते पूरे भवन को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के समय मकान में चार से पांच लोग मौजूद थे। आग की लपटें और धुआं फैलता देख सभी लोग समय रहते बाहर निकल आए, जिससे बड़ा हादसा टल गया और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।घटना की सूचना तत्काल आपातकालीन सेवा 112 पर दी गई। पीड़ितों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद दमकल विभाग की गाड़ियां करीब डेढ़ घंटे बाद मौके पर पहुंचीं। उनका कहना है कि यदि समय पर अग्निशमन दल पहुंच जाता तो नुकसान को काफी हद तक रोका जा सकता था।मकान मालिक विकास यादव के अनुसार आग में पूरा दुमंजिला मकान, गोडाउन में रखा शर्ट का स्टॉक और अन्य सामान जलकर खाक हो गया। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार इस अग्निकांड में करीब दो से ढाई करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।वहीं दमकल विभाग के अधिकारियों का कहना है कि शहर में जाम की स्थिति के कारण घटनास्थल तक पहुंचने में देरी हुई। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। पुलिस और अग्निशमन विभाग मामले की जांच में जुटे हैं।