
पारदर्शी विकास न्यूज़ अयोध्या। सरयू नदी में गुरुवार सुबह नहाने के दौरान बस्ती के तीन युवक डूब गए। घटना लक्ष्मण घाट की है। जल पुलिस, एसडीआरएफ और गोताखोरों की टीम युवकों की तलाश में जुटी है।जानकारी के मुताबिक बस्ती निवासी किशन सोनी अपने दोस्तों अभिषेक कुमार, सुजल और राज गुप्ता के साथ दोस्त का जन्मदिन मनाने अयोध्या आया था। गुरुवार सुबह सभी दोस्त सरयू नदी में स्नान करने पहुंचे। इस दौरान अभिषेक, सुजल और राज नदी में आगे बढ़ गए और गहरे पानी में डूबने लगे।किशन सोनी ने बताया कि उसने दोस्तों को आगे जाने से रोका था, लेकिन वे नहीं माने। डूबते देख उसने शोर मचाया, जिसके बाद घाट पर मौजूद जल पुलिस और गोताखोरों ने नदी में छलांग लगाई। हालांकि तीनों युवकों का अब तक कोई पता नहीं चल सका है।सुबह 7 बजे से एसडीआरएफ और जल पुलिस की टीमें लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। दो किलोमीटर क्षेत्र में तलाश की जा रही है। मौके पर एडीएम अरविंद कुमार, कोतवाली प्रभारी पंकज कुमार सिंह समेत प्रशासनिक अधिकारी मौजूद हैं।घटना की सूचना मिलने पर परिजन भी मौके पर पहुंच गए हैं। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।वहीं, अमरोहा के दो युवक भी सरयू में डूबने लगे थे, जिन्हें जल पुलिस ने सुरक्षित बचा लिया।