news-details

सपा नेताओं ने पुलिस कमिश्नर को सौंपा ज्ञापन

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। समाजवादी पार्टी के विधायकों और नेताओं ने शुक्रवार को पुलिस कमिश्नर से मुलाकात कर राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सौंपा। फतेहपुर से सपा सांसद नरेश उत्तम के कानपुर स्थित आवास पर बीजेपी कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए प्रदर्शन को लेकर सपा नेताओं ने कड़ी आपत्ति जताई और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की। सिविल लाइंस स्थित पुलिस कमिश्नर कार्यालय में सपा विधायक नसीम सोलंकी, अमिताभ बाजपेई, हसन रूमी, पूर्व सांसद राजाराम पाल, पूर्व विधायक मुनींद्र शुक्ला, पूर्व विधायक इरफान सोलंकी समेत कई कार्यकर्ता पहुंचे। नेताओं ने पुलिस कमिश्नर से मुलाकात कर पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई। सपा नेताओं का कहना था कि शहर दक्षिण क्षेत्र में स्थित सांसद नरेश उत्तम के घर पर बीजेपी कार्यकर्ताओं द्वारा किया गया प्रदर्शन निंदनीय है। उन्होंने आरोप लगाया कि सांसद के घर पर उस समय परिवार की महिलाएं मौजूद थीं और इस तरह का प्रदर्शन मर्यादा के खिलाफ है। उनका कहना है कि किसी जनप्रतिनिधि के घर के बाहर इस प्रकार का विरोध प्रदर्शन अपराध की श्रेणी में आता है। सीसामऊ विधायक नसीम सोलंकी ने कहा कि महिलाओं की मौजूदगी में इस तरह का व्यवहार पूरी तरह अनुचित है। उन्होंने कहा कि महिलाओं द्वारा ही महिलाओं के साथ इस प्रकार का व्यवहार किया जाना और भी दुर्भाग्यपूर्ण है। इस पर आपत्ति दर्ज कराते हुए पुलिस कमिश्नर से कार्रवाई की मांग की गई है। सपा विधायक अमिताभ बाजपेई ने कहा कि बीजेपी कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन के दौरान अभद्रता की। उन्होंने आरोप लगाया कि सांसद के घर की नेम प्लेट पर चप्पल मारने जैसी हरकत की गई, जो आपराधिक कृत्य है। यह जनप्रतिनिधि के विशेषाधिकार का हनन भी है। उन्होंने कहा कि देशभर में कई स्थानों पर नेताओं के पुतले फूंके जाते हैं और नाम लिखकर जूते-चप्पल मारे जाते हैं, जो लोकतांत्रिक मर्यादाओं के खिलाफ है। सपा नेताओं ने मांग की कि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई होनी चाहिए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों।