
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी । विकास खंड भादर के लहना गांव में सड़क निर्माण में भ्रष्टाचार का आरोप लगा है। समाजवादी पार्टी नेता जय सिंह प्रताप यादव ने हाथों से सड़क उखाड़कर इसका वीडियो वायरल किया है। सपा नेता का कहना है कि लोक निर्माण विभाग द्वारा मोचवा-लहना संपर्क मार्ग की मरम्मत में बड़े पैमाने पर धांधली हो रही है। करीब 40 लाख रुपये की लागत से 2400 मीटर सड़क का काम पीयूष ट्रेडर्स कर रहा है।जय सिंह प्रताप यादव ने जिलाधिकारी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से जांच की मांग की है। उन्होंने ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट करने और भुगतान रोकने के साथ संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई की बात कही। लोक निर्माण विभाग के जेई विवेक मौर्य ने बताया कि अभी 900 मीटर का काम ही पूरा हुआ है। उन्होंने गुणवत्ता का ध्यान रखने का दावा किया। फिलहाल, यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है।