
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। बहुजन समाज पार्टी ने बूथ कमेटियों के पुनर्गठन को लेकर गांव चलो अभियान तेज कर दिया है। रविवार को मंडल प्रभारी शिवराम गौतम, बद्री प्रसाद प्रजापति, जिला कमेटी सदस्य संजय कुमार और पारसनाथ भारती ने जगदीशपुर, गौरीगंज और अमेठी में विधानसभा स्तरीय टीमों के साथ गांवों में बैठकें कीं। इस दौरान बूथ कमेटियों के पुनर्गठन के साथ कार्यकर्ताओं को संगठन की मजबूती के लिए दिशा-निर्देश दिए गए।महमूदपुर और पिंडोरिया में जिला कमेटी सदस्य संजय कुमार, महासचिव श्याम कुमार तथा कोषाध्यक्ष कुल रोशन ने बैठक कर बूथ कमेटियों का पुनर्गठन किया। वहीं सेक्टर अध्यक्ष सुभाष चंद्र और सेक्टर महासचिव रामशंकर ने थौरा में ग्रामीणों के साथ बैठक कर दो बूथों की कमेटियों का पुनर्गठन किया। प्रमोद कुमार और बबलू सरोज को बूथ अध्यक्ष बनाया गया। अन्य पदाधिकारियों में ननकऊ, राजकुमार, छोटे लाल, सुशील कुमार, संतराम, मुकेश कुमार, फूलचंद, अजय कुमार, देवेंद्र कुमार और समरजीत शामिल रहे।तिलोई संवाद के अनुसार विधानसभा प्रभारी केके आर्य और विधानसभा अध्यक्ष विजय गौतम ने अपनी टीम के साथ दो सेक्टरों का भ्रमण कर बूथ कमेटियों का पुनर्गठन किया। भेंटुआ संवाद के अनुसार जिला सचिव राजपाल ने अपनी टीम के साथ अमेयमाफी और घटकौर में बूथ कमेटियों का पुनर्गठन किया तथा कार्यकर्ताओं की सदस्यता का नवीनीकरण किया।जिला कार्यकारिणी सदस्य संजय कुमार ने कहा कि बसपा ने भाईचारा कायम करके देश के सभी राज्यों में संगठन खड़ा किया है। राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती के निर्देश पर बूथ कमेटियों का पुनर्गठन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि 15 सितंबर के बाद सेक्टर स्तरीय कैडर कैंप आयोजित किए जाएंगे।संजय कुमार ने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता सपा और भाजपा का शासन देख चुकी है। महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और खराब कानून-व्यवस्था से परेशान सर्वसमाज के लोगों की निगाहें मायावती की ओर टिकी हैं। उन्होंने दावा किया कि 2027 में उत्तर प्रदेश में पांचवीं बार बहुजन समाज पार्टी की सरकार बनेगी।