
युवा शक्ति बदलाव के पक्ष में: राजू गौतम
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। बहुजन समाज पार्टी की जिला और विधानसभा कमेटियों की बैठक विभा गेस्ट हाउस में हुई। बैठक में अयोध्या मंडल के मुख्य मंडल कोआर्डिनेटर दिलीप कुमार विमल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। बैठक की अध्यक्षता अयोध्या और लखनऊ मंडल के मुख्य मंडल प्रभारी राजू गौतम ने की। बैठक में संगठन के कार्यों की विधानसभावार समीक्षा के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं को एक सप्ताह के भीतर सेक्टर और बूथ कमेटियों के पुनर्गठन का काम पूरा करने की जिम्मेदारी दी गई। बैठक में बसपा के पुराने कार्यकर्ता संजय कुमार कोरी को सर्वसम्मति से जिला कार्यकारिणी का सदस्य बनाया गया।दिलीप कुमार विमल ने कहा कि बहुजन समाज पार्टी राजनीतिक दल से अधिक एक विचारधारा है जो समतामूलक समाज व्यवस्था के निर्माण और भारतीय संविधान की व्यवस्थाओं के अनुरूप शासन व्यवस्था को समर्पित है। मान्यवर कांशीराम साहब की सच्ची उत्तराधिकारी के रूप में बहन मायावती जी ने अपने चार बार के मुख्यमंत्रित्व काल में सर्वसमाज के हित के काम किए और बाबा साहब डॉ अम्बेडकर के मानवतावादी मूवमेंट को मजबूती से आगे बढ़ाने का काम किया है।वे देश में बाबा साहब डॉ अम्बेडकर के सपनों को साकार करने का काम कर रही है।आज की तारीख में बहन मायावती जी से बड़ा मास लीडर भारत में कोई नहीं है। विमल ने कहा कि उत्तर प्रदेश में इस समय जनता गरीबी,बेरोज़गारी, मंहगाई,खराब कानून व्यवस्था और भ्रष्टाचार से दुःखी हैं और परिवर्तन के लिए बहन मायावती जी की तरफ आशा भरी निगाहों से देख रही है।अध्यक्षीय संबोधन में मुख्य मंडल प्रभारी राजू गौतम ने कहा कि मोदी राज में जनता हमेशा लाइन में लगी हुई है। रोजगार और नौकरी की मांग करने और पेपर लीक मामले पर सवाल उठाने वाले छात्रों और नौजवानों पर लाठियां बरसाई जा रही हैं।बहन मायावती ने अपनी सरकार में लाखों युवाओं को सरकारी नौकरी दी। भाजपा सरकार में युवा पकौड़े बेचने पर मजबूर हैं।युवा शक्ति देश की सत्ता की मुखालफत कर रही है, संसद में गतिरोध बना हुआ है। बहन मायावती जी एक मात्र लीडर हैं जो देश की जनता को सुशासन, विकास और कानून का राज दे सकती हैं। बैठक का संचालन जिला अध्यक्ष सुरेश कमल ने किया। मंडल प्रभारी बद्री प्रसाद प्रजापति, बामसेफ के जिला संयोजक संजीव भारती,जिला उपाध्यक्ष बबलू पांडेय, जिला महामंत्री सरवन यादव, जिला कार्यकारिणी सदस्य मनीराम गौतम, संजय कुमार कोरी, बामसेफ के विधानसभा संयोजक अभय प्रताप गौतम, हरिकेश पांडेय आदि मौजूद रहे।