
पारदर्शी विकास न्यूज़ पैलानी/बांदा। तहसील परिसर स्थित महर्षि पैल सभागार में शनिवार को एडीएम कुमार धर्मेंद्र की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया।कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 30 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से पांच का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।शेष मामलों को संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के लिए भेजा गया।समाधान दिवस में लसड़ा गांव की प्रीति सिंह पत्नी अनूप सिंह ने शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि उनके देवर रामरूप सिंह घर का बंटवारा नहीं कर रहे हैं और उन्हें घर से बाहर निकाल दिया गया है,जिससे वह परेशान हैं।वहीं अतरहट गांव की मीरा पत्नी बृज किशोर ने आरोप लगाया कि कालेश्वर हार स्थित सरकारी ट्यूबवेल पर दबंगों ने कब्जा कर लिया है,जिसके कारण किसानों को सिंचाई के लिए पानी नहीं मिल पा रहा है।इसके अलावा रामबरन पुत्र इंद्रपाल ने प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ न मिलने की शिकायत करते हुए आवास दिलाए जाने की मांग की।एडीएम ने संबंधित अधिकारियों को सभी शिकायतों का निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।इस दौरान तहसीलदार राधेश्याम सिंह,नायब तहसीलदार वेद प्रकाश सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।