
खड्डा, कुशीनगर। पारदर्शी विकास ब्यूरो
तहसील खड्डा सभागार में शनिवार को जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी ने फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनसमस्याओं का प्रभावी समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को आवश्यकता के अनुसार शिकायतों का स्थलीय सत्यापन कराने तथा राजस्व, पुलिस और विकास विभाग से जुड़े मामलों को प्राथमिकता से निस्तारित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही या अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
समाधान दिवस के दौरान डीएम की मानवीय संवेदनशीलता भी देखने को मिली। तमकुहीराज तहसील में तैनात लेखपाल शम्भू कुमार के फाजिलनगर में सड़क दुर्घटना में घायल होने की सूचना मिलते ही उन्होंने तत्काल अपर जिलाधिकारी, मुख्य चिकित्साधिकारी और सदर उप जिलाधिकारी से फोन पर बात कर बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित लेखपालों को घायल के परिजनों से संपर्क कर आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने को भी कहा।
डीएम ने परिजनों को आश्वस्त किया कि घायल लेखपाल को सरकारी अथवा निजी जिस अस्पताल में बेहतर उपचार संभव हो, वहां तत्काल भर्ती कराया जाए। उपचार में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी।
समाधान दिवस में कुल 62 प्रकरण प्राप्त हुए, जिनमें 7 का मौके पर निस्तारण किया गया। शेष 55 मामलों को संबंधित विभागों को भेजा गया। इनमें राजस्व के 18, पुलिस के 9, पुलिस-राजस्व के संयुक्त 4, विकास के 7 और अन्य विभागों के 24 प्रकरण शामिल रहे।
अपर पुलिस अधीक्षक ने कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों की समीक्षा करते हुए पुलिस एवं राजस्व अधिकारियों को आपसी समन्वय से भूमि विवाद और अन्य संवेदनशील मामलों का त्वरित समाधान करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर सीएमओ, एसडीएम खड्डा, परियोजना निदेशक, जिला विकास अधिकारी, सीओ खड्डा, तहसीलदार, बीडीओ सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।