
Pardarshi Vikas News Lucknow
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में सहकारिता विभाग की संस्थाओं में लंबे समय से खाली पड़े पदों को भरने की प्रक्रिया अब तेज होने जा रही है। सहकारिता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जेपीएस राठौर ने विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि अगले छह महीनों के भीतर सभी रिक्त पदों पर भर्ती सुनिश्चित की जाए।
जानकारी के अनुसार, सहकारिता विभाग की शीर्ष संस्थाओं में करीब 5 हजार पद खाली हैं, जिन पर जल्द भर्ती प्रक्रिया शुरू होगी। इसके अलावा मल्टीपर्पस प्राइमरी एग्रीकल्चर क्रेडिट सोसाइटी (एम-पैक्स) के तहत लगभग 20 हजार पदों पर जिला स्तर की चयन समितियों के माध्यम से नियुक्तियां की जाएंगी।
वर्तमान में जिला सहकारी बैंकों में प्रबंधक, कनिष्ठ प्रबंधक, सहायक समेत विभिन्न पदों पर भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इच्छुक अभ्यर्थी कुछ पदों के लिए 15 अप्रैल तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
इसी के साथ उत्तर प्रदेश स्टेट कोऑपरेटिव बैंक, ग्राम विकास बैंक, जिला सहकारी बैंक और अन्य सहकारी संस्थाओं में 2500 से अधिक पदों पर भर्ती की तैयारियां भी पूरी कर ली गई हैं। एम-पैक्स में सचिव, लेखाकार, कंप्यूटर सहायक के साथ-साथ चौकीदार पदों पर भी भर्ती की जाएगी।
सरकार की इस पहल से प्रदेश के युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर सृजित होने की उम्मीद है। लंबे समय से भर्ती का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए यह एक महत्वपूर्ण अवसर साबित हो सकता है।