
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। संयुक्त किसान मोर्चा के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को सांसद किशोरी लाल शर्मा को प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति के नाम संबोधित 16 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। किसान संगठनों ने सांसद से ज्ञापन को केंद्र सरकार तक पहुंचाने के साथ किसानों और मजदूरों से जुड़े मुद्दों को संसद में उठाने की मांग की।ज्ञापन में मनरेगा योजना को बहाल करने, साल में 200 दिन रोजगार उपलब्ध कराने और मजदूरी बढ़ाकर 700 रुपये प्रतिदिन करने की मांग प्रमुख रूप से शामिल है। इसके अलावा चारों श्रम संहिताओं को रद्द करने तथा न्यूनतम मजदूरी 31 हजार रुपये प्रतिमाह करने की मांग की गई।किसान नेताओं ने बिजली निजीकरण विधेयक-2025 और राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम संशोधन विधेयक को वापस लेने की मांग भी उठाई। साथ ही जबरन भूमि अधिग्रहण पर रोक लगाने, भारतीय खाद्य निगम के साइलो में अडाणी और दीप इंडिया के द्वैधाधिकार को समाप्त करने तथा डीजल, पेट्रोल और उर्वरकों की कीमतों में वृद्धि रोकने की मांग की गई।संयुक्त किसान मोर्चा के प्रतिनिधियों ने कहा कि किसानों और मजदूरों की समस्याओं को लेकर सरकार को ठोस कदम उठाने चाहिए। ज्ञापन सौंपने वालों में आरके मिश्र, नवाब अली, गया प्रसाद, सूर्यपाल यादव, हसमत और राकेश कुमार समेत अन्य लोग शामिल रहे।