
पारदर्शी विकास न्यूज़ बांदा। ग्राम मुंगुस बांदा में सामाजिक संस्था सेवक फाउंडेशन द्वारा फौजी कॉन्वेंट स्कूल में जरूरतमंद छात्रों के लिए एक सराहनीय पहल की गई। इस कार्यक्रम के अंतर्गत कुल 110 छात्रों को स्कूल बैग एवं स्टेशनरी किट वितरित की गई, जिसमें कॉपी, पेन, पेंसिल सहित आवश्यक शैक्षणिक सामग्री शामिल थी। इस वितरण से बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे और उनमें पढ़ाई के प्रति नया उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम विद्यालय परिसर में आयोजित किया गया, जहां बच्चों के साथ उनके अभिभावक भी मौजूद रहे। फाउंडेशन के सदस्यों ने शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शिक्षा ही वह साधन है, जो बच्चों के उज्ज्वल भविष्य का मार्ग प्रशस्त करती है। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि ऐसे सामाजिक कार्य भविष्य में भी लगातार जारी रहेंगे। विद्यालय प्रबंधन ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे बच्चों को न केवल आवश्यक संसाधन मिलते हैं, बल्कि उनके आत्मविश्वास में भी वृद्धि होती है। कार्यक्रम में पंडित राजेश शुक्ला, आशीष शुक्ला, राम प्रताप पटेल, शिवप्रकाश पटेल, विद्यालय स्टाफ एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर बच्चों को प्रेरित किया और समाज में शिक्षा को बढ़ावा देने का संकल्प लिया।