news-details

स्वच्छता रैली में गूंजा ‘नो प्लास्टिक’ का संदेश, सेवा संकल्प में लोगों की समस्याओं का समाधान

You can share this post!

 

हाटा/सुकरौली, कुशीनगर। आदर्श नगर पंचायत सुकरौली में शनिवार को ‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ के तहत ‘सेवा संकल्प अभियान’ का आयोजन किया गया। ‘मेरे सपनों का भारत’ थीम पर आयोजित कार्यक्रम में स्वच्छता, जनसेवा और प्लास्टिक मुक्त नगर का संदेश दिया गया। कार्यक्रम की शुरुआत शाम चार बजे हुई। कार्यक्रम में भाजपा जिला मंत्री ज्ञान विक्रम सिंह और सभासद जटाशंकर यादव मुख्य अतिथि रहे। नवागत अधिशासी अधिकारी (ईओ) कनुप्रिया शाही ने बुके देकर जिला मंत्री का स्वागत किया। नगर पंचायत अध्यक्ष राजनेति कश्यप ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की।अभियान के दौरान स्वास्थ्य शिविर भी लगाया गया। इसमें नगर पंचायत कर्मचारियों के साथ आम लोगों ने ब्लड प्रेशर और शुगर की जांच कराई। विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉल पर लोगों की समस्याएं सुनी गईं और उनके समाधान की प्रक्रिया मौके पर ही पूरी की गई।कृषि विभाग ने किसानों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। पूर्ति विभाग की ओर से राशन से संबंधित शिकायतों का निस्तारण किया गया, जबकि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने बच्चों और महिलाओं के पोषण से जुड़ी जानकारी दी। अन्य विभागों के कर्मचारियों ने भी लोगों को अपने विभाग से संबंधित योजनाओं और सेवाओं की जानकारी दी।मुख्य अतिथि ज्ञान विक्रम सिंह ने कहा कि स्वच्छता को केवल अभियान तक सीमित न रखकर इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना होगा। स्वच्छ भारत मिशन को सफल बनाने के लिए सामूहिक सहभागिता जरूरी है।जिलाधिकारी संजय चौहान और अपर जिलाधिकारी पवन कुमार के निर्देश पर नगर को प्लास्टिक मुक्त बनाने का संकल्प भी लिया गया। कार्यक्रम के बाद स्कूली बच्चों ने ‘नो प्लास्टिक’ का संदेश देते हुए स्वच्छता रैली निकाली। रैली के माध्यम से लोगों को प्लास्टिक का प्रयोग कम करने और नगर को साफ-सुथरा रखने के लिए जागरूक किया गया।