
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी।
सेवा संकल्प अभियान के तहत मंगलवार को जिले के सभी विकासखंडों में बहुउद्देशीय सेवा शिविर लगाए गए। छठवें दिन भी विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी स्टॉल लगाकर मौजूद रहे, लेकिन ग्रामीणों की संख्या अपेक्षा के अनुरूप नहीं पहुंची। शिविरों में महिला कल्याण, बाल विकास, स्वास्थ्य, शिक्षा, मिशन शक्ति, राजस्व, पुलिस, समाज कल्याण, कृषि, पशुपालन, पंचायती राज, ग्राम्य विकास और स्वयं सहायता समूह सहित विभिन्न विभागों ने योजनाओं की जानकारी दी। अधिकारियों ने पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और लाभ प्राप्त करने की जानकारी देने के साथ लोगों की समस्याएं भी सुनीं। कार्यक्रम में गर्भवती महिलाओं की गोद भराई और छह माह के बच्चों का अन्नप्राशन कराया गया। पात्र लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र, प्रमाण पत्र और अन्य लाभ वितरित किए गए। प्रशासन के अनुसार शिविर 7 अक्टूबर तक चलेंगे। ग्रामीणों से अपील की गई है कि वे नजदीकी विकासखंड में पहुंचकर सरकारी योजनाओं की जानकारी लें और पात्रता के अनुसार लाभ उठाएं।