
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। विकासखंड सभागार में ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने और उनकी समस्याओं के समाधान के उद्देश्य से सेवा संकल्प कैंप आयोजित किया गया। कैंप में विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। उन्होंने ग्रामीणों को विभागीय योजनाओं, सुविधाओं और पात्रता से संबंधित जानकारी दी। हालांकि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) और खाद्य एवं रसद विभाग के प्रतिनिधियों के नहीं पहुंचने से संबंधित योजनाओं की जानकारी लेने आए ग्रामीणों को निराश होकर लौटना पड़ा। कैंप का उद्देश्य ग्रामीणों को अलग-अलग विभागों के कार्यालयों के चक्कर लगाने से बचाकर एक ही स्थान पर योजनाओं की जानकारी और सुविधाएं उपलब्ध कराना था। ग्रामीणों ने कैंप में पहुंचकर विभिन्न योजनाओं और अपनी समस्याओं के संबंध में विभागीय कर्मचारियों से जानकारी ली। एनआरएलएम प्रतिनिधि के नहीं पहुंचने से स्वयं सहायता समूह, आजीविका और रोजगार से जुड़ी योजनाओं की जानकारी लेने आए लोगों को परेशानी हुई। वहीं, खाद्य एवं रसद विभाग के प्रतिनिधि की अनुपस्थिति के कारण राशन और खाद्य आपूर्ति से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए पहुंचे ग्रामीणों को संबंधित कर्मचारी नहीं मिले। बाल विकास विभाग की सुपरवाइजर रामावती गुप्ता के नेतृत्व में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने स्टॉल लगाया। उन्होंने गर्भवती महिलाओं को मिलने वाली सामग्री और पोषक तत्वों की जानकारी दी। कैंप में ग्राम पंचायत सचिव विपिन तिवारी के साथ पंचायती राज, कृषि, सिंचाई, स्वास्थ्य, पशुपालन और समाज कल्याण विभाग के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।