news-details

सेवा संकल्प अभियान के तहत विकासखंडों में लगे शिविर

You can share this post!


जनप्रतिनिधियों ने लाभार्थियों को बांटे प्रमाण पत्र व स्वीकृति पत्र

पारदर्शी विकास न्यूज़  अमेठी। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत गुरुवार को जनपद के सभी विकासखंडों में सात दिवसीय बहुउद्देशीय सेवा शिविरों का शुभारंभ किया गया। शिविरों के माध्यम से आमजन को केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के साथ-साथ विभिन्न योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया गया। शिविरों में महिला कल्याण, बाल विकास एवं पुष्टाहार, स्वास्थ्य, शिक्षा, मिशन शक्ति, राजस्व, पुलिस, समाज कल्याण, कृषि, पशुपालन, वन, पंचायती राज, ग्राम्य विकास, स्वयं सहायता समूह सहित विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए। विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उपस्थित लोगों को अपने-अपने विभाग की योजनाओं, पात्रता, आवेदन प्रक्रिया एवं लाभों की विस्तृत जानकारी प्रदान की। विकासखंड अमेठी में आयोजित बहुउद्देशीय सेवा शिविर का उद्घाटन जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश अग्रहरि ने किया। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष सुधांशु शुक्ला भी उपस्थित रहे। वहीं विकासखंड बाजार शुकुल में आयोजित शिविर का शुभारंभ विधायक जगदीशपुर सुरेश पासी द्वारा किया गया। इसी प्रकार जनपद के अन्य विकासखंडों में भी स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा शिविरों का उद्घाटन कर योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार का आह्वान किया गया। कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों ने गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की रस्म संपन्न कराई तथा छह माह के बच्चों को प्रथम बार अन्नप्राशन कराकर मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। इसके साथ ही विभिन्न विभागों की योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र, प्रमाण पत्र एवं अन्य लाभ भी वितरित किए गए। शिविरों में बड़ी संख्या में ग्रामीणों एवं लाभार्थियों ने सहभागिता करते हुए विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त की। विभागीय अधिकारियों ने लोगों की समस्याएं सुनीं तथा पात्र व्यक्तियों को योजनाओं से जोड़ने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन भी प्रदान किया। अधिकारियों ने बताया कि इन बहुउद्देशीय सेवा शिविरों का मुख्य उद्देश्य केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना तथा अधिक से अधिक पात्र व्यक्तियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। शिविरों के माध्यम से लोगों को शासन की योजनाओं के प्रति जागरूक कर उन्हें आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाने का प्रयास किया जा रहा है। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित ये बहुउद्देशीय सेवा शिविर 07 अक्टूबर तक जनपद के सभी विकासखंडों में संचालित रहेंगे। जनपदवासियों से अपील की गई है कि वे अपने निकटतम विकासखंड में आयोजित शिविरों में पहुंचकर विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें तथा पात्रता के अनुसार उनका लाभ उठाएं।


समाज के आखिरी व्यक्ति के चेहरे पर मुस्कान लाने को गंभीर है मोदी योगी सरकार:राजेश अग्रहरि
विकास खंड सभागार में आयोजित कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश अग्रहरि ने डबल इंजन सरकार की उपलब्धियों और योजनाओं का गुणगान किया। उन्होंने कहा कि सरकार समाज के आखिरी व्यक्ति के चेहरे पर मुस्कान लाने के लिए संकल्पित है। केन्द्र सरकार की सभी योजनाओं का लाभ अमेठी की जनता को मिल रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री आवास योजना और पेंशन योजना के दस  लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र वितरित किए। भाजपा के जिला प्रभारी सुनील सिंह खंड विकास अधिकारी दिव्या सिंह, पूर्व प्रमुख घनश्याम चौरसिया, ए डी ओ पंचायत अनुराग यादव,ए डी ओ आई एस बी मनीराम सरोज, वरिष्ठ लेखाकार अशोक सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी शिव कुमार यादव,बाल विकास परियोजना अधिकारी ,बी एम एम फिरोज खान, निर्मला, वरिष्ठ लिपिक कमलेश कुमार आदि मौजूद रहे। भादर संवाद के अनुसार सभागार में स्टार लगाकर सरकार की योजनाओं का प्रचार किया गया।आम जनता की भीड़ नहीं आई।ए डी ओ सहकारिता विजय कुमार मिश्र,ए डी ओ आई एस बी अरूण कुमार, प्रभारी ए डी ओ पंचायत सुनील सिंह,देवांशु सिंह, ज्ञान चंद पांडेय आदि मौजूद रहे। जगदीशपुर में विधायक सुरेश पासी ने शिविर में स्टालों का निरीक्षण किया और लाभार्थियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए। ब्लाक प्रमुख मंजू मौर्य, भाजपा के जिला महामंत्री विषुव मिश्र, मंडल अध्यक्ष राम शंकर जायसवाल आदि मौजूद रहे।