news-details

सेवा संकल्प अभियान: चीनी मिल में 121 श्रमिकों की हुई स्वास्थ्य जांच

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास ब्यूरो / कुशीनगर। सेवा संकल्प अभियान के तहत सोमवार को हाटा स्थित अवध एनर्जी शुगर मिल में श्रमिकों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। मंडलीय उपश्रमायुक्त गोरखपुर क्षेत्र शक्ति सेन मौर्य की अध्यक्षता में आयोजित शिविर में 121 श्रमिकों के स्वास्थ्य की जांच की गई। चिकित्सा विभाग के सहयोग से आयोजित इस शिविर में श्रमिकों को आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श देने के साथ निःशुल्क दवाएं भी वितरित की गईं।शिविर में मंडलीय उपश्रमायुक्त शक्ति सेन मौर्य ने श्रमिकों को संबोधित करते हुए श्रम विभाग की ओर से संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि श्रमिकों के हितों की रक्षा और उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाना विभाग की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने श्रमिकों से योजनाओं के प्रति जागरूक रहने और पात्रता के अनुसार उनका लाभ उठाने की अपील की।स्वास्थ्य परीक्षण शिविर के माध्यम से श्रमिकों को स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के बारे में चिकित्सकीय परामर्श मिला। साथ ही, निःशुल्क दवाएं उपलब्ध कराकर उन्हें राहत पहुंचाने का प्रयास किया गया।इस अवसर पर चीनी मिल के प्रबंधक रविन्द्र कुमार गुप्ता, एचआर प्रतिनिधि रविन्द्र पांडेय, श्रम प्रवर्तन अधिकारी अलंकृता उपाध्याय, चिकित्सा अधिकारी डॉ. सौम्या द्विवेदी, शशिशेखर मिश्र सहित श्रम विभाग और चिकित्सा विभाग के कर्मचारी तथा चीनी मिल के श्रमिक मौजूद रहे।