
सब हेडिंग- किसानों ने खेतों पर जाना छोड़ा, डिप्टी रेंजर बोले- टीम क्षेत्र में है
पारदर्शी न्यूज कानपुर। साढ़ में ढुकुवापुर और कुड़नी गांव के ग्रामीण इन दिनों लकड़बग्घों के एक कुनबे की दहशत में जी रहे हैं। साढ़ थाना क्षेत्र के चतुरीखेड़ा के पास स्थित परिहारन बगीचे की एक खोह में लकड़बग्घों के जोड़े ने अपने 2-3 शावकों के साथ डेरा जमा लिया है। भीषण गर्मी और पानी की कमी के चलते यह कुनबा भोजन और पानी की तलाश में अब गांवों की ओर रुख कर रहा है।हालात ऐसे हैं कि पिछले दो दिनों से इन जंगली जानवरों को दिन के समय भी आबादी के बेहद करीब देखा गया है, जिससे ग्रामीणों में भय का माहौल है।ग्रामीणों के मुताबिक, रात होते ही लकड़बग्घों का कुनबा ढुकुवापुर और कुड़नी गांवों के बीच खेतों और पगडंडियों पर खुलेआम घूमता दिखाई देता है। पहले केवल रात में उनकी आहट सुनाई देती थी, लेकिन अब दोपहर में भी गांव के मुहाने और खेतों के आसपास इनके देखे जाने से लोगों की चिंता बढ़ गई है।गांव के लोग अब रात में खेतों की ओर जाने से बच रहे हैं और कई किसानों ने सिंचाई व अन्य जरूरी काम भी टाल दिए हैं। ढुकुवापुर निवासी गायत्री देवी, रंजू, नितिन, महेश पाल, शिवमोहन पाल और सुशील सहित कई ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने खुद लकड़बग्घों को गांव के किनारे घूमते देखा है।ग्रामीणों का कहना है कि सबसे अधिक चिंता छोटे बच्चों और मवेशियों की सुरक्षा को लेकर है। गर्मी में पानी की तलाश में भटक रहे ये जंगली जानवर किसी भी समय गांव के भीतर प्रवेश कर सकते हैं, जिससे किसी अप्रिय घटना की आशंका बनी हुई है।घाटमपुर वन विभाग के डिप्टी रेंजर राकेश पाण्डेय ने बताया कि गांव के आसपास लकड़बग्घा दिखने की सूचना विभाग को मिली है। वन विभाग की टीम संभावित इलाकों में लगातार गश्त कर रही है और स्थिति पर नजर बनाए हुए है। साथ ही ग्रामीणों से सतर्क रहने और अकेले खेतों की ओर न जाने की अपील भी की गई है।