
*कानपुर:* कानपुर को प्रस्तावित बुलेट ट्रेन नेटवर्क में शामिल किया गया है। कानपुर के सांसद रमेश अवस्थी की पैरवी के बाद केंद्र ने यह फैसला लिया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की स्वीकृति के बाद केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शनिवार को घोषणा की कि नॉर्दर्न बुलेट ट्रेन कॉरिडोर दिल्ली से आगरा, कानपुर, लखनऊ, अयोध्या होते हुए वाराणसी, पटना से गुवाहाटी तक जाएगा।
रेल मंत्री ने बताया कि इस कॉरिडोर के शुरू होने के बाद दिल्ली से कानपुर का सफर महज 1 घंटा 45 मिनट में पूरा होगा। उन्होंने कानपुर की प्रसिद्ध मिठाई का जिक्र करते हुए कहा कि दिल्ली से बैठकर कानपुर में ठग्गू के लड्डू खाकर उसी दिन वापस लौटा जा सकेगा।
बताया जा रहा है कि शुरुआती प्रस्ताव में कानपुर का नाम स्पष्ट नहीं था। इसके बाद सांसद रमेश अवस्थी ने संसद में कानपुर के औद्योगिक और व्यापारिक महत्व का हवाला देते हुए रेल मंत्री के सामने मजबूती से पक्ष रखा।
सांसद रमेश अवस्थी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार जताया और कहा कि बुलेट ट्रेन से जुड़ना कानपुर के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है। इससे व्यापार, उद्योग, शिक्षा, पर्यटन और रोजगार को नई गति मिलेगी।
उन्होंने कहा कि कानपुर उत्तर भारत का प्रमुख औद्योगिक और व्यापारिक केंद्र है। बुलेट ट्रेन से जुड़ने के बाद शहर की राष्ट्रीय कनेक्टिविटी मजबूत होगी।