news-details

सीसामऊ से अन्नू अवस्थी का चुनावी ऐलान

You can share this post!

पहले टिकट तो तय हो:नसीम सोलंकी

पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। कॉमेडियन अन्नू अवस्थी ने कानपुर की सीसामऊ विधानसभा सीट से 2027 का चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। रविवार को उन्होंने क्षेत्र में करीब 16 किलोमीटर लंबी देव यात्रा निकाली। यात्रा के दौरान चंद्रिका देवी, वनखंडेश्वर और चुन्नीगंज घंटी वाले मंदिर में दर्शन किए। इस दौरान भाजपा के बैनर-पोस्टर लगाए गए और सांसद रमेश अवस्थी समेत भाजपा कार्यकर्ता भी यात्रा में शामिल हुए। अन्नू अवस्थी ने कहा कि सीसामऊ की जनता ने उन्हें बहुत प्यार दिया है और अब वह हमेशा क्षेत्र के लोगों के लिए काम करेंगे। उन्होंने कहा, “वहां लोग रो-रोकर जीते हैं, हम वहां हंसाकर जीतेंगे।” अन्नू के चुनाव लड़ने के ऐलान पर सपा विधायक नसीम सोलंकी ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पहले यह तय होना चाहिए कि उन्हें पार्टी से टिकट मिलेगा भी या नहीं, क्योंकि सीसामऊ से टिकट मांगने वाले कई अन्य लोग भी हैं। उन्होंने कहा कि सीसामऊ और सोलंकी परिवार का संबंध मजबूत है। सीसामऊ सीट पर लंबे समय से सोलंकी परिवार का प्रभाव रहा है। इरफान सोलंकी ने 2012, 2017 और 2022 में यहां से जीत दर्ज की थी। सदस्यता समाप्त होने के बाद हुए उपचुनाव में उनकी पत्नी नसीम सोलंकी विधायक चुनी गईं। 2027 के चुनाव को लेकर भाजपा में इस सीट से कई दावेदारों के नाम चर्चा में हैं। इनमें उपचुनाव में प्रत्याशी रहे सुरेश अवस्थी, राकेश सोनकर और अनूप अवस्थी के नाम शामिल हैं। अब अन्नू अवस्थी के चुनावी मैदान में उतरने के ऐलान से सीसामऊ की राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं।



बीजेपी में सीसामऊ सीट के लिए कई दावेदार
2024 के सीसामऊ विधानसभा उपचुनाव में बीजेपी के प्रत्याशी रहे सुरेश अवस्थी कम अंतर से चुनाव हारे थे। इससे पहले वह आर्यनगर विधानसभा सीट से भी चुनाव लड़ चुके हैं, जहां वह अमिताभ बाजपेई से कम अंतर से चुनाव हारे थे। अब 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए सीसामऊ से बीजेपी का टिकट मांगने वालों में अन्नू अवस्थी का नाम भी जुड़ गया है। यहां पहले से ही सुरेश अवस्थी के साथ-साथ बीजेपी के कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के मीडिया संयोजक अनूप अवस्थी और राकेश सोनकर के नाम भी चर्चा में हैं। उपचुनाव के दौरान राकेश सोनकर एक बड़े नाम के तौर पर सामने आए थे।