
पारदर्शी विकास ब्यूरो / कुशीनगर। जनपद मुख्यालय स्थित डीपीआरसी भवन के सभागार में सोमवार को बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग के तत्वावधान में आयोजित नौवें राष्ट्रीय पोषण माह-2026 का समापन समारोह संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सांसद विजय कुमार दूबे और विशिष्ट अतिथि पडरौना सदर विधायक मनीष जायसवाल ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान कुपोषण मुक्त समाज के निर्माण, मातृ स्वास्थ्य, शिशु पोषण और जनजागरूकता पर विशेष जोर दिया गया।समारोह को संबोधित करते हुए सांसद विजय कुमार दूबे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार कुपोषण मुक्त समाज के निर्माण के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। सरकार की प्राथमिकता महिलाओं, बच्चों और समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों तक स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी सुविधाओं का लाभ पहुंचाना है।उन्होंने कहा कि सुपोषित बचपन ही विकसित भारत की मजबूत नींव है। बच्चों को पौष्टिक आहार उपलब्ध कराने, माताओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देने और परिवारों को पोषण के प्रति जागरूक बनाने से ही स्वस्थ एवं सशक्त समाज का निर्माण संभव है। इसके लिए सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना जरूरी है।पडरौना सदर विधायक मनीष जायसवाल ने कहा कि स्वस्थ मातृत्व, सुपोषित बचपन और सशक्त भविष्य सुनिश्चित करने के लिए सरकारी प्रयासों के साथ जनभागीदारी भी आवश्यक है। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और विभागीय अधिकारियों से पोषण जागरूकता अभियान को गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया।पौष्टिक आहार और स्वच्छता के प्रति जागरूकता पर जोरकार्यक्रम के दौरान संतुलित एवं पौष्टिक आहार, मातृ-शिशु स्वास्थ्य, स्वच्छता और कुपोषण से बचाव के उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि बच्चों के बेहतर शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए उनके खानपान पर विशेष ध्यान देना आवश्यक है। साथ ही, परिवारों को पोषण संबंधी सही जानकारी उपलब्ध कराने और समुदाय स्तर पर जागरूकता बढ़ाने की जरूरत बताई गई।कार्यक्रम का संचालन मनंजय तिवारी ने किया, जबकि जिला कार्यक्रम अधिकारी अरुण दुबे ने अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर सीडीपीओ बिशुनपुरा सीमा सिंह, भाजपा नेता ऋतिक सिंह गौतम, रामानुज मिश्रा, डॉ. आदर्श धर दूबे, अंकुर पाण्डेय, अरुण राय, ग्राम सचिव सहित विभागीय अधिकारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाएं और अन्य संबंधित लोग उपस्थित रहे।