
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। सैनिक स्कूल अमेठी के एनसीसी कैडेट्स ने गुरुवार को नशा मुक्त भारत अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इसका उद्देश्य युवाओं और आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना रहा। अभियान के तहत कैडेट्स ने पीएम श्री स्कूल रामगंज और जनता इंटर कॉलेज, रामगंज कौहार में नुक्कड़ नाटक, लघु नाटक और एकांकी प्रस्तुत कर नशे से होने वाले नुकसान बताए। कैडेट्स ने बताया कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, शिक्षा, पारिवारिक जीवन और सामाजिक प्रतिष्ठा को प्रभावित करता है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर राष्ट्र निर्माण में सकारात्मक भूमिका निभाने की अपील की। इसके बाद रामगंज क्षेत्र में जागरूकता रैली निकाली गई। कैडेट्स ने नारों और संदेशों के माध्यम से लोगों को नशामुक्त समाज का संदेश दिया। विद्यालय के प्रधानाचार्य लेफ्टिनेंट कर्नल सतवीर सिंह तंवर और प्रशासनिक अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल भरत पाटनी के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम का नेतृत्व सीटीओ मुन्ना कुमार शर्मा ने किया। सूबेदार गणेश सिंह राठौर और हवलदार नीलेश जाधव ने कैडेट्स का मार्गदर्शन किया। कार्यक्रम में युवाओं को नशे से दूर रहने और समाज को जागरूक करने का संदेश दिया गया।