
पारदर्शी विकास न्यूज़, औरैया। यातायात माह-2026 के तहत सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और विद्यार्थियों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए बुधवार को सेमफोर्ड स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में यातायात पुलिस ने सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान के साथ दौड़ प्रतियोगिता भी कराई। कार्यक्रम में यातायात प्रभारी ने छात्र-छात्राओं को हेलमेट और सीट बेल्ट के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का इस्तेमाल अनिवार्य रूप से करना चाहिए। इसके अलावा निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, ड्राइविंग के दौरान मोबाइल फोन का प्रयोग न करने और सड़क पार करते समय सावधानी बरतने की सलाह दी।उन्होंने कहा कि यातायात नियम चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि अपनी और दूसरों की जिंदगी सुरक्षित रखने के लिए बनाए गए हैं। बच्चों से अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी जागरूक करने की अपील की गई।इसके बाद आयोजित दौड़ प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने उत्साह के साथ प्रतिभाग किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेताओं को यातायात प्रभारी, विद्यालय के डायरेक्टर और वाइस प्रिंसिपल ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम के अंत में बच्चों को यातायात नियमों का पालन करने का संकल्प दिलाया गया।