
नगर विकास विभाग में लटकी हुई है सीमा विस्तार की फाइल
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी।नगर पंचायत अमेठी की बोर्ड की बैठक 1अक्टूबर को बुलाई गई है। बैठक में नगर पंचायत अमेठी की नागरिक समस्याओं पर चर्चा के साथ वित्त आयोग के अंतर्गत आवंटित धनराशि से विकास कार्यों पर चर्चा होगी। सभी वार्डों से विकास सम्बन्धी प्रस्ताव भी लिए जायेंगे।नगर पंचायत में विकास कार्य हेतु शासन की ओर से संचालित योजनाओं का बजट तो मिल रहा है, परंतु राज्य वित्त आयोग और पन्द्रहवें वित्त आयोग के मद में पर्याप्त धनराशि न मिलने के कारण खराब सड़कों और नालियों की मरम्मत का काम नहीं हो पा रहा है। बजट का संकट बराबर बना हुआ है। वार्ड नं दो में अम्बेडकर पार्क के निर्माण की मांग भी पूरी नहीं हो पाई है।नगर पंचायत के अंदर कूड़ा निष्पादन की कोई जगह नहीं है। पार्किंग स्थल नहीं है।नगर पंचायत के ठेकेदार बैट्री रिक्शा चालकों से तीस रुपए प्रतिदिन वसूली करते हैं। नगर पंचायत अमेठी की सीमा विस्तार की पत्रावली पिछले एक दशक से सीमा विस्तार के लिए लटकी हुई है। बोर्ड की ओर से सीमा विस्तार के लिए कई बार प्रस्ताव भेजा जा चुका है। स्थानीय वोट बैंक की राजनीति के चलते भाजपा के प्रभावी नेता इस मामले में कोई रुचि नहीं ले रहे हैं।नगर पंचायत के आसपास सभी मार्गों पर ग्रामीण अंचल की आबादी बसने से नागरिक जरूरतें बढ गई हैं, परंतु लोगों की जरूरतें पूरी नहीं हो पा रही हैं। जल निगम की वाटर सप्लाई कई साल से ठप है।जल निकासी की समस्या का निस्तारण पांच साल में भी नहीं हो पाया है।
योजनाओं का बजट मिल रहा है। शासन के निर्देश पर विकास कार्यों हेतु कार्ययोजना, इस्टीमेट और प्रस्ताव भेजे जाते हैं। एक अक्टूबर को बोर्ड की बैठक बुलाई गई है
डा शिवमूर्ति ,अधिशासी अधिकारी, अमेठी