
बच्ची को फेंकने के बाद छत से कूदी मां; इलाज के दौरान मौत
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। गुजैनी के मर्दनपुर में शादी की तीसरी सालगिरह पर खुशियां मना रहे परिवार में देर रात ऐसा घटनाक्रम हुआ कि पूरा घर मातम में डूब गया। पारिवारिक विवाद के बाद 20 वर्षीय रोशनी अपनी 14 माह की बेटी को लेकर दूसरी मंजिल पर पहुंचीं। आरोप है कि उन्होंने पहले बच्ची को नीचे फेंका और फिर खुद भी छत से छलांग लगा दी। नीचे मौजूद पति नूर आलम ने बच्ची को कैच कर लिया, जिससे उसकी जान बच गई। गंभीर रूप से घायल रोशनी ने दो दिन तक चले उपचार के बाद रविवार सुबह हैलट अस्पताल में दम तोड़ दिया।नूर आलम सिलाई का काम करते हैं। उनके मुताबिक, सात अक्टूबर को शादी की तीसरी सालगिरह पर घर में केक काटा गया था और परिवार ने साथ बैठकर खाना खाया था। इस मौके पर रोशनी की बड़ी बहन ईशरत भी आई थीं। देर रात किसी बात को लेकर नूर आलम और ईशरत के बीच बहस हो गई। नाराज होकर ईशरत घर से जाने लगीं। रोशनी ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह जाने की जिद पर अड़ी रहीं।बताया गया कि बड़ी बहन के जाने से नाराज रोशनी बच्ची को लेकर दूसरी मंजिल पर चली गईं। इसके बाद हुई घटना से परिवार में अफरा-तफरी मच गई। परिजन दोनों को तत्काल निजी अस्पताल ले गए। बच्ची की हालत खतरे से बाहर बताई गई, जबकि रोशनी की गंभीर स्थिति को देखते हुए नौ अक्टूबर को उन्हें हैलट अस्पताल रेफर कर दिया गया।रविवार सुबह डॉक्टरों ने रोशनी को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची गुजैनी पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू की। थाना प्रभारी राजन शर्मा के अनुसार, परिजनों की ओर से अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
दो दिन तक चला इलाज, रविवार सुबह तोड़ा दम
हैलट अस्पताल में रोशनी का उपचार चल रहा था। परिजन उनके स्वस्थ होने की उम्मीद लगाए बैठे थे, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उनकी हालत में सुधार नहीं हो सका। रविवार सुबह डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। रोशनी की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। शादी की सालगिरह पर शुरू हुई खुशियां कुछ ही देर में ऐसी त्रासदी में बदल गईं, जिसने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की जानकारी मिलने पर गुजैनी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की। पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। गुजैनी थाना प्रभारी राजन शर्मा ने बताया कि मामले में परिजनों की ओर से अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर मामले की जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।