news-details

सीएसजेएमयू में विधि छात्रों का प्रदर्शन, कुलपति के खिलाफ नारेबाजी

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) के मुख्य द्वार पर बुधवार को डीसी लॉ कॉलेज के छात्रों ने विधि छात्र मोर्चा के बैनर तले जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान छात्रों ने कुलपति के खिलाफ नारेबाजी करते हुए परीक्षा प्रणाली में बदलाव, दिव्यांग विद्यार्थियों की समस्याओं और शैक्षणिक व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई। प्रदर्शनकारी छात्रों ने अपनी मांगों के समर्थन में विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ आवाज उठाई और समाधान की मांग की।छात्रों का आरोप है कि बिना पर्याप्त तैयारी और पूर्व परीक्षण के नई व्यवस्थाएं लागू की जा रही हैं, जिससे विद्यार्थियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मोर्चा ने विशेष रूप से दिव्यांग छात्रों की सुविधा और समान अवसर सुनिश्चित करने पर जोर दिया।छात्रों की प्रमुख मांगों में होम सेंटर व्यवस्था तत्काल बहाल करना, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) से प्रश्नपत्र तैयार करने की व्यवस्था पर रोक लगाना और प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों के लिए समर्थ पोर्टल पर फॉर्म जमा करने की प्रक्रिया दोबारा शुरू करना शामिल है। इसके अलावा, सत्र 2024-25 से पहले के उन विद्यार्थियों के लिए बार काउंसिल ऑफ इंडिया (बीसीआई) के 90 दिनों की अनिवार्य शैक्षणिक कक्षाओं संबंधी मानदंड का पालन सुनिश्चित करने की मांग की गई, जिन्हें हाल ही में पांचवें सेमेस्टर में प्रवेश दिया गया है।छात्र नेता अनुज ने कहा कि आंदोलन किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि व्यवस्था में सुधार और विद्यार्थियों के अधिकारों की रक्षा के लिए है। वहीं, अनस ने चेतावनी दी कि मांगों की अनदेखी जारी रहने पर आंदोलन तेज किया जाएगा।प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने प्रति कुलपति सुधांशु पांडिया को ज्ञापन सौंपा और मांगें पूरी न होने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी दी। इस मौके पर अनुज त्रिपाठी, अनस साहू, कुशाग्र द्विवेदी, वैभव द्विवेदी, श्रेयश, अभिषेक, सचिन, आकाश, प्रज्ञा, कोमल, सुमित, रोशनी, विपिन, अरोही, अंकित शुक्ला, प्रिया और उमा सहित विधि छात्र मोर्चा के सैकड़ों विद्यार्थी मौजूद रहे।