
PARDARSHI VIKASH NEWS अयोध्या में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम के दौरान एक महिला द्वारा उनसे मिलने की कोशिश का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में महिला हाथ में शिकायती पत्र लेकर मुख्यमंत्री तक पहुंचने का प्रयास करती दिख रही है, जबकि सुरक्षा में तैनात महिला पुलिसकर्मी उसे रोक रही हैं। बताया जा रहा है कि शुक्रवार को नगर पंचायत कामाख्या धाम में महारानी झलकारी कोरी की प्रतिमा के अनावरण कार्यक्रम के दौरान महिला अपनी समस्या लेकर पहुंची थी। महिला का आरोप है कि ग्राम पंचायत भटमऊ नारायणपुर में दबंगों ने स्टांप पेपर पर जबरन उसकी पांच से छह दुकानें अपने नाम करा ली हैं। महिला ने कई बार प्रशासन से शिकायत की, लेकिन कार्रवाई न होने पर वह मुख्यमंत्री से मिलना चाहती थी। सुरक्षा कारणों से पुलिसकर्मियों ने उसे आगे जाने से रोक दिया। फिलहाल मामले में प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।