news-details

सीएम ग्रिड सड़क की धीमी रफ्तार पर महापौर नाराज, 30 नवंबर तक पूरा करने का भरोसा

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। कानपुर में मुख्यमंत्री ग्रीन रोड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट यानी सीएम ग्रिड योजना के तहत चल रहे सड़क चौड़ीकरण और सुंदरीकरण कार्य की धीमी रफ्तार पर मंगलवार को महापौर प्रमिला पांडेय ने नाराजगी जताई। उन्होंने मटका तिराहा के पास निर्माणाधीन सड़क का स्थलीय निरीक्षण किया और मौके पर सड़क की मोटाई की माप भी कराई। निरीक्षण के दौरान ठेकेदार ने महापौर को भरोसा दिलाया कि सड़क का निर्माण कार्य 30 नवंबर तक पूरा कर दिया जाएगा। सीएम ग्रिड के तहत कानपुर में कई प्रमुख मार्गों का विकास किया जा रहा है। जोन-4 के अंतर्गत स्वरूप नगर थाने से ग्वालीन चौराहा होते हुए मटका तिराहा तक सड़क के चौड़ीकरण और सुंदरीकरण का कार्य करीब 22 करोड़ 27 लाख रुपये की लागत से कराया जा रहा है।

 

निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता जोन-4 मीनाक्षी अग्रवाल ने महापौर को बताया कि परियोजना की निर्धारित समय सीमा 25 सितंबर 2026 तक थी। हालांकि, निविदादाता ने सड़क का काम पूरा करने के लिए दो महीने का अतिरिक्त समय मांगा है। महापौर ने सड़क निर्माण की गुणवत्ता को लेकर अधिशासी अभियंता को आईआईटी कानपुर से जांच कराने के निर्देश दिए। साथ ही सड़क की उचित तराई कराने को भी कहा। उन्होंने कहा कि सड़क का उद्घाटन हुए एक साल से अधिक समय बीत चुका है और निर्धारित समय सीमा तक काम पूरा होना था, लेकिन अभी तक निर्माण अधूरा है। निरीक्षण के दौरान महापौर ने निर्माण कार्य में हो रही देरी पर नाराजगी जताते हुए कहा कि सड़क का काम बारिश शुरू होने से पहले पूरा किया जा सकता था। उन्होंने अधिकारियों से कार्य की गति बढ़ाने और निर्धारित मानकों के अनुसार निर्माण कराने के निर्देश दिए। महापौर ने कहा कि विकास कार्यों के लिए धन की कमी नहीं है, ऐसे में निर्माण कार्यों में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने ठेकेदार को निर्देश दिया कि जिस हिस्से में सड़क का निर्माण पूरा होता जाए, उसी के साथ फुटपाथ का काम भी पूरा किया जाए। सड़क और फुटपाथ को अलग-अलग चरणों में अधूरा छोड़ने के बजाय दोनों कार्यों को साथ-साथ पूरा करने पर जोर दिया गया। सीएम ग्रिड योजना के तहत कई स्थानों पर सड़क के साथ फुटपाथ, ग्रीन बेल्ट और अन्य सुविधाओं का भी विकास किया जा रहा है। मटका तिराहा क्षेत्र में फुटपाथ को जरूरत से अधिक चौड़ा किए जाने के प्रस्ताव पर महापौर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्धारित डिजाइन और स्वीकृत मानकों का ही पालन किया जाए। उन्होंने निर्माण एजेंसी को गुणवत्ता से समझौता न करने और कार्य को तय समय में पूरा करने के निर्देश दिए।