news-details

सीएम डैशबोर्ड की रैंकिंग पर डीएम सख्त

You can share this post!

कृषि विश्वविद्यालय का निर्माण अक्टूबर तक पूरा करने के निर्देश

पारदर्शी विकास ब्यूरो कुशीनगर। सीएम डैशबोर्ड की सितंबर माह की रैंकिंग में खराब प्रदर्शन पर जिलाधिकारी संजय चौहान ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक के दौरान बी, सी और डी ग्रेड वाले विभागों के अधिकारियों पर नाराजगी जताई। उन्होंने विभागीय रैंकिंग सुधारने और विकास परियोजनाओं को समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन महात्मा बुद्ध कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय को शासन की प्राथमिकता वाली परियोजना बताते हुए क्लासरूम, बाउंड्री वॉल, हॉस्टल और लाइब्रेरी सहित महत्वपूर्ण निर्माण कार्य अक्टूबर के अंत तक पूरे कराने को कहा। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री कभी भी विश्वविद्यालय का निरीक्षण कर सकते हैं, इसलिए निर्माण कार्यों में तेजी और गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए।लंबित विकास परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए डीएम ने धनराशि उपलब्ध होने के बावजूद कार्यों में देरी पर नाराजगी जताई। पर्यटन विभाग की विलंबित परियोजनाओं और गिरती रैंकिंग पर भी उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्यप्रणाली सुधारने के निर्देश दिए।पीडब्ल्यूडी, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग और सिंचाई विभाग की परियोजनाओं के नियमित स्थलीय निरीक्षण तथा निर्माण कार्यों की गुणवत्ता जांचने पर जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि लापरवाही या अनावश्यक देरी मिलने पर जिम्मेदारी तय की जाएगी। निर्माण कार्य पूरा होने पर शत-प्रतिशत भुगतान तत्काल सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।बैठक में मुख्य विकास अधिकारी वंदिता श्रीवास्तव, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी, परियोजना निदेशक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।