
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। मुख्य विकास अधिकारी पूजा साहू की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में शासन की विकास प्राथमिकता वाली योजनाओं, विभिन्न विभागों की योजनाओं और निर्माण कार्यों की मासिक समीक्षा बैठक हुई। बैठक में योजनाओं की प्रगति, विभागवार उपलब्धियों, शिकायतों के निस्तारण और निर्माणाधीन परियोजनाओं की स्थिति की समीक्षा की गई।सीडीओ ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं के निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए। उन्होंने विकास कार्यों की नियमित समीक्षा कर प्रगति में सुधार लाने और किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए।आईजीआरएस, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, जनता दर्शन समेत अन्य माध्यमों से प्राप्त शिकायतों की समीक्षा करते हुए उन्होंने निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण और संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतकर्ता की संतुष्टि सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।सीडीओ ने जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों का नियमित सत्यापन कराने तथा विभागीय रैंकिंग में सुधार के लिए विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए। निर्माणाधीन परियोजनाओं की समीक्षा के दौरान कार्यदायी संस्थाओं को निर्धारित मानकों के अनुसार गुणवत्तापूर्ण कार्य समय से पूरा करने को कहा। निर्माण सामग्री की नियमित जांच और अनियमितता पर कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए।पूर्ण हो चुकी परियोजनाओं का संबंधित विभागों को शीघ्र हैंडओवर कराने को कहा गया, ताकि आमजन को समय से लाभ मिल सके। बैठक में सीएमओ डॉ. अंशुमान सिंह, जिला विकास अधिकारी वीरभान सिंह, डीईएसटीओ पन्नालाल समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।