
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। गुजैनी थाना क्षेत्र के करनपुर में एक सीआरपीएफ जवान की पत्नी का शव फंदे पर लटका मिला। घटना के बाद मौके पर पहुंचे परिजनों ने जमकर हंगामा किया और ससुरालीजनों पर हत्या का आरोप लगाया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर परिजनों को शांत कराया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।मृतका की पहचान मोनिका चौधरी (30) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, उनकी शादी सात साल पहले बर्रा–8 एफ ब्लॉक निवासी सीआरपीएफ जवान दीपक कुमार से हुई थी, जो वर्तमान में छत्तीसगढ़ में तैनात हैं। दंपति के दो बच्चे भी हैं।मृतका के पिता का आरोप है कि बुधवार सुबह देवर ने फोन कर बताया कि मोनिका ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। जब परिजन पहुंचे तो शव फंदे से लटका मिला, जिसके बाद उन्होंने हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया।परिजनों का कहना है कि ससुरालीजन लंबे समय से मोनिका को प्रताड़ित कर रहे थे और पति पर भी उत्पीड़न में शामिल होने का आरोप लगाया गया है। मृतका की बहन ने यह भी दावा किया कि कुछ दिन पहले पति ने घर आकर धमकी दी थी।पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।