news-details

रक्षाबंधन पर सुरक्षित सफर को लेकर परिवहन विभाग सख्त

You can share this post!

पारदर्शी विकास ब्यूरो
कुशीनगर। रक्षाबंधन पर्व के मद्देनजर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए सुरक्षित और सुगम परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए परिवहन विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। परिवहन आयुक्त के निर्देशों के अनुपालन में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी कुशीनगर डॉ. दिलीप कुमार गुप्त की अध्यक्षता में एआरटीओ कार्यालय में प्राइवेट बस यूनियन के पदाधिकारियों और वाहन स्वामियों के साथ बैठक हुई। बैठक में बस संचालकों को निर्देश दिया गया कि यात्रियों के आवागमन को देखते हुए बसों की समुचित साफ-सफाई और तकनीकी फिटनेस सुनिश्चित करने के बाद ही वाहनों का संचालन किया जाए। चालकों को नशे की स्थिति में वाहन न चलाने तथा वाहन चलाते समय सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों का पूरी तरह पालन करने की हिदायत दी गई। महिला यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए बसों में महिलाओं को विशेष वरीयता देने और यात्रियों के साथ शालीन एवं सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। चालकों और परिचालकों को सुरक्षित ड्राइविंग तथा सड़क सुरक्षा मानकों के प्रति जागरूक किया गया। इसके अलावा उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर निगम की बसों के चालक-परिचालकों को भी यातायात नियमों, सड़क सुरक्षा, बसों की स्वच्छता और यात्रियों को सुरक्षित परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के संबंध में जागरूक किया गया। एआरटीओ डॉ. दिलीप कुमार गुप्त ने कहा कि रक्षाबंधन के दौरान यात्रियों की संख्या बढ़ने की संभावना को देखते हुए परिवहन व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना विभाग की प्राथमिकता है। यात्रियों की सुरक्षा से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। बैठक में आर.डी. प्रसाद वर्मा, संभागीय निरीक्षक प्राविधिक, प्राइवेट बस यूनियन के पदाधिकारी और वाहन स्वामी मौजूद रहे।