
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। शहर की सड़कों की बदहाली, गड्ढों और सफाई व्यवस्था की हकीकत जानने के लिए रविवार रात 12 बजे डीएम महेंद्र सिंह तंवर, नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय और सीडीओ अनुभव जे. जैन ने विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया। परेड, स्वरूप नगर, कंपनी बाग चौराहे और चुन्नीगंज सहित कई स्थानों पर सड़क मरम्मत, निर्माण कार्यों और स्वच्छता व्यवस्था का जायजा लिया गया। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को सड़कों को चलने योग्य बनाने, गड्ढों की मरम्मत कराने, कूड़ा हटाने और अस्थायी अतिक्रमण खत्म करने के निर्देश दिए। साथ ही विकास कार्यों को निर्धारित समय सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा कराने पर जोर दिया।परेड में मुख्यमंत्री ग्रिड योजना के तहत चल रहे कार्यों का निरीक्षण करते हुए डीएम ने जंक्शन पॉइंट की समस्याओं को दूर कर सड़क को वाहनों के आवागमन योग्य बनाने के निर्देश दिए। फुटपाथ पर स्ट्रीट वेंडिंग योजना के तहत अधिकृत दुकानदारों के लिए स्थान निर्धारित करने की कार्ययोजना तैयार करने को भी कहा, ताकि अवैध कब्जों पर रोक लगाई जा सके।टेफ्को के पास मुख्य मार्ग पर कूड़ा जमा होने वाले स्थल का निरीक्षण कर डीएम ने गमले लगवाकर सौंदर्यीकरण कराने और नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। स्वरूप नगर में राजीव पेट्रोल पंप के पास सड़क और चौराहे पर गड्ढे मिलने पर तत्काल पैचवर्क कराने को कहा। साथ ही अस्थायी अतिक्रमण और अवैध होर्डिंग हटाकर चौराहे का सुंदरीकरण कराने के निर्देश दिए।कंपनी बाग चौराहे से चिड़ियाघर की ओर करीब 5.1 किलोमीटर सड़क को पूरी तरह चलने योग्य बनाने के लिए लोक निर्माण विभाग को जल निगम, मेट्रो और नगर निगम सहित संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित करने को कहा गया। वहीं, चुन्नीगंज में सड़क निर्माण कार्य की समीक्षा करते हुए शेष काम निर्धारित समय में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा कराने और अभियान चलाकर अस्थायी अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए।