
पारदर्शी विकास ब्यूरो
खड्डा, कुशीनगर। खड्डा तहसील क्षेत्र के ग्राम सभा बहोर छपरा के सामने स्थित फाटक बीती रात करीब 11 बजे अचानक टूट गया। फाटक टूटने की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीणों में दहशत फैल गई। हालांकि फिलहाल पानी का स्तर कम होने के कारण किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं है।ग्रामीणों के मुताबिक फाटक रात में ही टूट गया था, लेकिन अभी तक इसकी मरम्मत नहीं हो सकी है। ग्रामीणों को आशंका है कि यदि पानी का दबाव बढ़ा तो स्थिति गंभीर हो सकती है और आसपास के क्षेत्रों में नुकसान का खतरा पैदा हो सकता है।मौके पर मौजूद बेलदार ने बताया कि फाटक टूटने की जानकारी संबंधित अधिकारियों को दे दी गई है। जेई और छोटे साहब मौके का निरीक्षण भी कर चुके हैं। अधिकारियों की ओर से जल्द मरम्मत कराने का आश्वासन दिया गया है।ग्रामीण मुन्ना विश्वकर्मा, गोरखनाथ गुप्ता, विनोद कुशवाहा, जितेंद्र कुशवाहा, दुर्गेश कुशवाहा और गोलू कुशवाहा ने बताया कि फाटक रात करीब 11 बजे टूट गया था। ग्रामीणों ने कहा कि वर्तमान में पानी कम होने से बड़ी क्षति नहीं हुई है, लेकिन जलस्तर बढ़ने पर परेशानी बढ़ सकती है।ग्रामीणों ने संबंधित विभाग के अधिकारियों से फाटक की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में पानी के बढ़ते दबाव से किसी तरह की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।